Showing posts with label Journalist. Show all posts
Showing posts with label Journalist. Show all posts

Saturday, September 24, 2022

कविता कृष्णन ने दिखाई वाम आंदोलन को सिद्धांतक रौशनी

Saturday 24th September 2022 at 03:21 PM  

कहा-किसी भी तानाशाह की हार में हर तानाशाह की हार है! 


कविता कृष्णन की तरफ से विशेष आलेख जिसमें है अहम चर्चा    

ईरान हो या यूक्रेन-तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ रहे लोगों की जीत में हमारी जीत है

*महाशक्तियों का 'भू-राजनीतिक शक्ति संतुलन' और 'एक-ध्रुवीयता बनाम बहु-ध्रुवीयता' वाले गणित के हिसाब से जनांदोलनों के लिए हमारी साझीदारी को कम-बेशी करने का सलाह, हमारे देश में लोकतंत्र के आंदोलन के लिए नैतिक और भौतिक पतन का ही रास्ता खोलेगा।  

स्क्रीन शॉट में माकपा के सोशल मीडिया सेल की ज़िम्मेदारी सम्भालने वाले एक शख्स हैं जो कह रहे हैं कि भई, ईरान की सरकार एक दकियानूस तानाशाही सरकार तो है, पर वे नहीं चाहते कि ईरान की महिलाएँ और उसकी जनता तानाशाह को उखाड़ फेंकें-क्योंकि उनके अनुसार ऐसा होना जनांदोलन की जीत नहीं, अमेरिका द्वारा "तख्तापलट" होगा। ये कह रहे हैं कि ईरान में आंदोलन "हिंसक" हो गया है-ठीक वैसे जैसे हमारे देश में TV चैनलों ने पुलिस द्वारा मार और हत्या झेल रहे किसान आंदोलन को "हिंसक" कह दिया था। ईरान में आंदोलनकारियों के ख़िलाफ़ सेना को उतार दिया गया है; इंटर्नेट बंद कर दिया गया है ताकि बिना गवाहों के जनसंहार किया जा सके; बच्चों बुजुर्गों और युवाओं सब पर गोलियाँ और पेलेट गन इस्तेमाल किए जा रहे हैं; मारे जाने वाले प्रदर्शनकारियों की संख्या पता नहीं है। ऐसे में आंदोलनकारी युवा जब पुलिस द्वारा दागे गए टियर गैस के गोले को हाथों में उठाकर वापस पुलिस के ख़ेमे में फेंकते हैं; पुलिस वालों को घेर कर उन्हें भगाते या पीट देते हैं - तो इसे हिंसा नहीं, जान पर खेल जाने वाला अद्भुत साहस कहते हैं।  

इस पोस्ट के कहने का मतलब है कि महसा अमीनी जैसी महिलाओं का वहाँ की "नैतिकता पुलिस" द्वारा प्रताड़ित और बेइज़्ज़त किया जाना और यहाँ तक कि मारा जाना, वहाँ के लोगों को तानाशाह के ख़िलाफ़ बोलने या लिखने या फ़िल्म बनाने के लिए जेल में डाला जाना या मौत की सजा दिया जाना, दुखद तो है-पर इसे ईरान के लोग थोड़ा बर्दाश्त कर लें क्योंकि ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक के गिरने से "अमेरिकी साम्राज्यवाद" को फ़ायदा हो जाएगा।  

वामपन्थ के नाम पर इस क़िस्म का दिवालियापन-चाहे वह इस पोस्ट जितना निर्लज्ज हो चाहे वह गोल-गोल शब्दों का इस्तेमाल करें-हमने सीरिया, यूक्रेन और अब ईरान के मामले में देखा है। जनसंहार पर आमादा तानाशाह के ख़िलाफ़ जनांदोलन की जीत हो इसके लिए वाम जनवादी ताक़तों को तो अपने और दुनिया के सभी सरकारों पर दबाव बनाना चाहिए कि वे ऐसे आंदोलनों को जनसंहार से बचाने और जीत हासिल करने में हर सम्भव मदद करें।  पर ऐसा न करके वे अक्सर हर आंदोलन, चाहे जहां चल रहा हो, की समीक्षा अमेरिका को केंद्र में रखकर करते हैं। अमेरिका के लिए फ़ायदा-नुक़सान को नाप तौल कर, अमेरिका को कहीं फ़ायदा न पहुँच जाए उस हिसाब से आंदोलन के लिए साझीदारी को माप-माप कर देते हैं।   

वरिष्ठ वाम नेता कविता कृष्णन 
तानाशाह कितना भी जनसंहारी और क्रूर क्यों न हो, दुनिया के तमाम तानाशाह (यहाँ तक कि अमेरिका में भी ट्रम्प जैसे तानाशाह बनने की इच्छा रखने वाले नेता) एक दूसरे से मिले हुए क्यों न हो, कुछ वामपंथी कहते हैं कि "हम तो उसे अमेरिका और "पश्चिमी देशों" के ख़िलाफ़ "ध्रुव" मान रहे हैं।" वे कहते हैं "देख भई 'बहु-ध्रुवीयता' के नाम पर उस तानाशाह का बना रहना ही उस देश के लोगों की आज़ादी से ज़्यादा ज़रूरी है। उनके जनसंहार के क़ीमत पर ही सही। बहु-ध्रुवीयता बचना चाहिए, और इसलिए वहाँ की जनता को अमेरिका से मदद नहीं मिलना चाहिए। हाँ हमने रोजावा लड़ाकुओं का खूब साथ दिया, उनके महिला सैनिकों की तस्वीरों को अपने पत्रिकाओं में लगाया, इसके बावजूद कि वे अमेरिका से शस्त्र लेते हैं। पर यूक्रेन या ईरान या सीरिया में तानाशाह के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे लोगों की दुनिया से मदद की प्रार्थना के जवाब में हम कहेंगे, "देखिए आपकी लड़ाई जायज़ तो है, और हम आपके साथ सहानुभूति भी रखते हैं, पर अफ़सोस, 'बहु-ध्रुवीयता' के लिए आपकी शहादत ज़रूरी है।" 

मुझसे न जाने कितने बार पूछा जाता है: "विदेश में चल रहे आंदोलन की जीत के लिए हम भला क्या ही कर सकते हैं? ट्वीट तो कर ही दिया न? चलिए लेख भी छाप देंगे अपनी पत्रिका में। काफ़ी नहीं है? विदेश के आंदोलन को लेकर इतना क्या भावुक होना? हमारे पास और काम नहीं हैं?" ऐसे नैतिक रूप से दिवालिया सवालों का क्या जवाब है? फिर भी जवाब दे ही दिया जाए:   

-हम ईरान की महिलाओं के और अन्य देशों में रह रहे ईरान के पत्रकारों और नारीवादियों और लोकतंत्र पसंद लोगों की आवाज़ को बुलंद कर सकते हैं. मसीह अलीजेनाद और गोलशिफ़्ते फ़रहनी के सोशल मीडिया हैंडल्ज़ को फ़ॉलो करना शुरू करें. आंदोलन के बारे में फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का हम मुक़ाबला कर सकते हैं।  

-हम खुद ईरान के लोगों के पक्ष में प्रदर्शन कर सकते हैं - उनके नारों (जैसे 'तानाशाह मुर्दाबाद', 'ज़न, ज़िंदगी, आज़ादी', और 'इंसाफ़, आज़ादी, हिजाब-ए-इख़्तियारी (हिजाब पर अपनी मर्ज़ी)' को बुलंद कर सकते हैं।  

-जब हम ईरान या सीरिया या फ़िलिस्तीन या यूक्रेन या अफ़ग़ानिस्तान या चीन या रूस या तुर्की या अमेरिका या कहीं की भी सत्ता द्वारा नस्लवाद, साम्प्रदायिकता, तानाशाही, दमन-उत्पीड़न के ख़िलाफ़ पीड़ित जनता का पुरज़ोर साथ देते हैं तो हम अपने देश में भी लोकतंत्र की जड़ों को (जिनके बारे में अम्बेडकर ने ठीक ही चेतावनी दी थी कि ये जड़ें ऊपरी मिट्टी में ही हैं, गहरे नहीं हैं सतही हैं) खाद पानी देते हैं, उसे मज़बूत करते हैं।       

दुनिया के मज़दूरों के एक होने की बात से वामपन्थ कुछ भटक नहीं गया है? 

दुनिया के जनांदोलनों को क्या दुनिया के सभी तानाशाहों या भावी तानाशाहों के ख़िलाफ़ एक नहीं होना चाहिए? 

खमेनी, मोदी, ट्रम्प, पूतिन, ओरबान, शी, म्यांमार की मिलिटरी शासन, इज़्रेली सत्ता, तालिबान, एरदोआँ, लिज़ ट्रस, बोरिस जॉनसन, ल पेन, ए.एफ.डी - तमाम तानाशाही, नस्लवादी, साम्प्रदायिक, साम्राज्यवादी और औपनिवेशी राज्यों और ताक़तों के ख़िलाफ़ चल रहे आंदोलनों को क्या एक दूसरे का साथ नहीं देना चाहिए? 

"ध्रुव नम्बर वन" अमेरिका में भी तो ट्रम्प जैसा तानाशाह है जो कि मोदी से 'हाउड़ी' कहता है, पूतिन के पैसों पर पलता है, चीन और रूस दोनों की सरकारों की मदद से उन देशों में अपना बिज़्नेस चलाता है। अमेरिका में ट्रम्प के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे लोगों; और यूक्रेन, सीरिया, फ़िलिस्तीन, भारत, चीन, रूस आदि में तानाशाही और नफ़रत की राजनीति के ख़िलाफ़ लड़ रहे लोगों में साझीदारी कुछ हद तक बराबरी भी लाता है। इज़्रेल की दमनकारी टेक्नॉलजी अमेरिका में ब्लैक लाइव्ज़ मैटर के प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ इस्तेमाल होता है; इज़्रेल की ख़ुफ़िया पेगासस टेक्नॉलजी और चीन की फ़ेशल रेकग्निशन टेक्नॉलजी (जो पहले उईगर मुसलमानों के ख़िलाफ़ और फिर मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के ख़िलाफ़ और अब कोविड के बहाने चीन की पूरी जनता के ख़िलाफ़ इस्तेमाल हुआ) दोनों ही भारत की मोदी सरकार दमन के काम में लगा रही है। चीन ने अपने यहाँ उईगर मुसलमानों के लिए विशाल कारा शिविर (कॉन्सेंट्रेशन कैम्प) खोली है; और वह म्यांमार के मिलिटरी को फ़ंडिंग देती है, जो कि रोहिंग्या लोगों की राष्ट्रीयता छीन कर उनका जनसंहार कर रही है। 

क्या भारत में फ़ासीवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई को लड़ने के लिए काफ़ी है कि हम इज़्रेल के साथ मोदी राज के रिश्तों को समझें? बिलकुल। पर हमारे बग़ल में चीन और म्यांमार की नीतियों द्वारा पैदा हुए मुस्लिम-विरोधी और तानाशाही माहौल से मोदी राज को होने वाले फ़ायदे की चर्चा से क्यों इनकार किया जाता है?  

चीन की दमनकारी टेक्नॉलजी; चीन में हान-वर्चस्ववादी और मुस्लिम-विरोधी राष्ट्रवाद को समाजवाद का चोला पहनाया जाना; चीन में एक पार्टी, एक नेता, एक विचार धारा का सर्वसत्ता-प्राप्त राज; चीन की जनता को हक़-प्राप्त नागरिक नहीं बल्कि "लाभार्थी" और "कर्तव्यनिष्ट" प्रजा में तब्दील करने में शी शासन और उनके नेतृत्व में चीन की कॉम्युनिस्ट पार्टी की सफलता-इन सब चीजों से क्या मोदी राज शिक्षा नहीं ले रहा? ट्रम्प हो या नेतान्याहु, शी हो या पूतिन, मोदी तो सभी तानाशाहों से शिक्षा ले रहे हैं! 

पूतिन और उनके फ़ासीवादी बुद्धिजीवी (जैसे दूगिन) खुल कर कहते हैं कि रूस, चीन, भारत, अरब देश आदि "प्राचीन सभ्यताएँ" हैं जिनकी संस्कृति में तानाशाही है, फ़ासीवाद है, लोकतंत्र नहीं। इनके अनुसार लोकतंत्र, नारीवाद और महिलाओं, LGBTQIA लोगों की बराबरी, मानवाधिकार आदि "पश्चिमी देशों" की बातें हैं, जिन्हें पूरी दुनिया पर थोपा जा रहा है। पूतिन ने घोषणा की है कि दुनिया के शक्ति संतुलन को बदलकर लोकतंत्र की जगह इन "प्राचीन सभ्यताओं" की सत्ता को क़ायम करना होगा, और इन सभ्यताओं द्वारा अपना साम्राज्य क़ायम करने के लिए किसी बग़ल देश पर हमला, या उनके देश के भीतर किसी समुदाय का उत्पीड़न; चुनाव का होना न होना आदि के सवाल पर कोई UN जैसी ताक़त जवाबदेही न माँग सकें। 

सन 2009 में लिखे एक लेख में दूगिन ने साफ़ कर दिया था कि भारत की प्राचीन सभ्यता से उनका मतलब हिंदू-वर्चस्व से है-उन्होंने संघ के नेता दत्तोपंत तेंगदी के हवाले से अपनी बात को पुख़्ता किया था। दुनिया में इस फ़ासीवादी शक्ति-संतुलन को स्थापित करने के पूतिन के लक्ष्य के रास्ते में यूक्रेन की जनता और उसका बहादुर जनयुद्ध ही सबसे बड़ा रोड़ा है। 

इसके बावजूद क्या हम कहते रहेंगे कि भारत में फ़ासीवाद-विरोधी लड़ाई पर ज़ोर देने का मतलब है यूक्रेन कि लड़ाई को नाम-वास्ते समर्थन देकर कन्नी काट लेना? पूतिन जैसे तानाशाह का भी "बहु-ध्रुवीयता" के नाम पर बचाव करना? पूतिन के झूठे तर्कों के ख़िलाफ़ प्रचार करने की ज़िम्मेदारी से बचना या यहाँ तक कि उन झूठे तर्कों का खुद प्रचार करना? ठीक वैसे जैसे आज CPIM के ये शक़्स ईरान के आंदोलन को अमेरिकी तख्ता-पलट की साज़िश बता कर बदनाम कर रहे हैं; वैसा ही दुनिया और भारत के मुख्य वामपंथी धाराओं ने 2014 के यूक्रेन के मैदान आंदोलन को अमेरिकी तख्ता-पलट की साज़िश कह कर बदनाम किया। जबकि वह आंदोलन एक अफ़ग़ान-मूल के रूसी भाषी मुस्लिम पत्रकार के फ़ेस्बुक पोस्ट से शुरू हुआ, पूतिन द्वारा पैसे खाकर EU से संधि से अंतिम मिनट मार मुकर जाने वाले प्रेसिडेंट यानुकोविच के ख़िलाफ़ आंदोलनकारियों की किसी बिल्डिंग के खिड़की से रूस के गुप्त स्नाइपर सेना ने गोली मारकर हत्या करने पर आंदोलन और भी व्यापक हो गया और पूरा देश मैदान पर उतर आया, और  यानुकोविच को भागना पड़ा-ठीक वैसे जैसे हाल में श्री लंका के जनांदोलन ने गोताबया राजपक्षा को भागने के लिए मजबूर किया। वामपंथ के ढेर सारी धाराओं ने पूतिन के दुष्प्रचार को फैलाया-कि इस 'तख्तापलट' के जवाबी कार्यवाही में पूतिन ने 2014 में यूक्रेन पर हमला किया।                            

ईरान और यूक्रेन और फ़िलिस्तीन और यमन-जनता की सभी लड़ाइयों की जीत, दुनिया के जनता की तानाशाही नफ़रती राजनीति के ऊपर जीत है. लोकतंत्र के लिए इस साझी लड़ाई में अमेरिका नहीं दावा कर सकता है कि हम लोकतंत्र को अन्य देशों में 'एक्सपोर्ट' (निर्यात) कर रहे हैं; या हम लोकतंत्र के ग्लोबल चौकिदार हैं, हमारे नेतृत्व में तानाशाहों के ख़िलाफ़ आइए युद्ध लड़िए. बल्कि हर देश की तरह अमेरिका को भी अपने यहाँ के फ़ासीवादी तानाशाही नफ़रती ताक़तों के ख़िलाफ़ लड़ते हुए, दुनिया में हर ऐसी लड़ाई का हार सम्भव मदद करना होगा। 

इतनी सरल बात को घुमाने की कोशिशों के प्रति सचेत रहने की ज़रूरत है; सवालों से बच निकलने के बजाय जनता और जनवाद के प्रति जवाबदेह रखने की हम सब की ज़िम्मेदारी है। दुनिया में 'भू-राजनैतिक शक्ति-संतुलन' बनाए रखने के बहाने तानाशाह/फ़ासीवाद-विरोधी जनांदोलनों, जनयुद्धों से कन्नी काटने, खुले दिल से समर्थन करने से बचने, या उन आंदोलनकारियों को जीत की बलि देने, और थोड़ा झुक जाने की सलाह देने की प्रवृत्ति को पहचानें -और वामपंथी और प्रगतिशील ताक़तों द्वारा ऐसा किए जाने पर सवाल करें क्योंकि ऐसी प्रवृत्ति प्रगतिशील और वामपंथी आंदोलनों को-उनके नैतिक और भौतिक आधार को-"रियल पोलिटिक" के नाम पर कमज़ोर ही करेगा।  अन्यायपूर्ण 'असलियत' को बदलने की  बजाय उसे 'रियल' मान लेने के नाम पर हमने भारत में वामपंथी सरकारों को पूँजीपतियों के लिए किसानों की ज़मीन छीनकर उनपर गोली चलाने का नतीजा देखा है।  दुनिया में चाहे एक ध्रुव रहे या कई ध्रुव-हम प्रगतिशील-वामपंथी लोगों को साम्राज्यवादी युद्ध, तानाशाही, नफ़रती राज्यों और ताक़तों के ख़िलाफ़ लड़ना तो है ही-और अन्य देशों में ऐसी लड़ाइयों के साथ होना है, बस, इतनी सरल बात है। 

किस आंदोलन का साथ देने से कौन से 'बिग पावर' (महाशक्ति) का फ़ायदा या नुक़सान होगा, उस गणित के हिसाब से जायज़ जनांदोलनों के लिए हमारी साझीदारी को कम-बेशी करना, यह हमारे आंदोलनों को भी महाशक्तियों की होड़ की राजनीति का खिलाड़ी बना देता है। और ऐसा होना, हमारे आंदोलन के नैतिक-भौतिक पतन का ही रास्ता खोलता है।  

चीन के उईगरों और ईरान के लोगों के अधिकारों के लिए आवाज़ उठाकर, चीन के तानाशाही मुस्लिम-विरोधी सत्ता और ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक के झूठ का पर्दाफ़ाश करके हम भारत में भी लोगों को समझाने में ज़्यादा सफल होंगे, कि संप्रदायिकता, और एक-पार्टी एक-नेता, एक-धर्म/विचारधारा के नाम पर दमन के ख़िलाफ़ हम निष्पक्ष होकर आंदोलन करेंगे; चाहे हिंदू राष्ट्र के नाम पर मोदी हो, "कॉम्युनिस्ट राष्ट्र" के नाम पर शी हो, या 'इस्लामिक रिपब्लिक' के नाम पर खमेनी हो. इसे हम जितनी जल्दी समझें उतना अच्छा।           

हर जगह, हर परिस्थिति में, तानाशाह चाहे दक्षिणपंथ का हो या खुद को वामपंथी कहता हो: सच का साथ दें, दमन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ संघर्ष कर रहे जनता का साथ दें, उनकी जीत के लिए ताक़त लगाएँ. क्योंकि उनकी जीत में हमारी जीत है: और किसी भी तानाशाह के हार में हार तानाशाह का हार है. बस इतनी सी बात है! इस नैतिक ताक़त और स्पष्टता के बिना भारत में भी लोकतंत्र के लिए जनसमर्थन और जनांदोलन तैय्यार नहीं हो सकता, जो कि पूरे मन से और स्पष्ट समझ से संघी फ़ासीवाद के ख़िलाफ़ एकता बना सके।

----- कविता कृष्णन

समाजिक चेतना और जन सरोकारों से जुड़े हुए ब्लॉग मीडिया को मज़बूत करने के लिए आप आप अपनी इच्छा के मुताबिक आर्थिक सहयोग भी करें तांकि इस तरह का जन  मीडिया जारी रह सके।

Saturday, December 25, 2021

लोगों पर शाकाहार थोपना एक राजनैतिक एजेंडा//- राम पुनियानी

25th December 2021 at 9:47 AM 

सबसे बड़ा कत्लेआम करने वाला हिटलर शुद्ध शाकाहारी था 


भोपाल
: 22 दिसम्बर 2021 :(राम पुनियानी//कामरेड स्क्रीन)::
Courtesy Photo 
हाल (दिसंबर, 2021) में अहमदाबाद नगर निगम की नगर नियोजन समिति ने घोषणा की कि शहर में सार्वजनिक सड़कों और स्कूल, कालेज व धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में मांसाहारी खाद्य पदार्थ बेचने वाले स्टाल नहीं लगने दिए जाएंगे। इसी तरह का निर्णय बड़ौदा, भावनगर, जूनागढ़ और राजकोट के नगरीय निकायों ने भी लिया।  मांसाहारी खाद्य पदार्थ के विक्रेता इस निर्णय के खिलाफ अदालत में गए जिसने इस निर्णय को रद्द कर दिया। 

यह आश्चर्यजनक परंतु सत्य है कि हमारे देश में मांसाहार का विरोध साम्प्रदायिक एजेंडे का हिस्सा बन गया है।  प्रचार यह किया जाता है कि मांसाहार करने वाले व्यक्ति स्वभाव से हिंसक होते हैं। हम अपने आसपास के कई लोगों से यह तर्क सुनते रहते हैं कि मुसलमानों की प्रवृत्ति इसलिए आक्रामक है क्योंकि वे मांसाहारी होते हैं। इसके अलावा यह भी कहा जाता है कि मुसलमान बीफ का सेवन करते हैं। हिन्दुओं के लिए गाय एक पवित्र पशु है परंतु मुसलमान बीफ खाते हैं और इस तरह हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाते हैं। गाय और बीफ के मुद्दे पर देश भर में लिंचिग की अनेक घटनाएं हो चुकीं हैं। 

मांसाहार और मुसलमानों द्वारा बीफ के सेवन को एक-दूसरे से जोड़ दिया गया है। पहला तर्क यह है कि मांसाहार से व्यक्ति में हिंसक प्रवृत्ति उत्पन्न होती है। दूसरा तर्क यह है कि मुसलमान बीफ खाते हैं और इस प्रकार हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाते हैं। मांसाहार की अनेक परिभाषाएं हैं। अक्सर ये परिभाषाएं स्थान और समुदाय के साथ बदलती रहती हैं। कुछ शाकाहारी अंडे खाते हैं तो कुछ अंडे से सख्त परहेज करते हैं। कुछ का मानना है कि सी फूड जैसे मछली इत्यादि शाकाहार है। अन्य लोग उसे मांसाहार मानते हैं। आज पूरी दुनिया में 80 से 90 प्रतिशत लोग मांसाहारी हैं। इंडियास्पेन्ड द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार भारत में 80 प्रतिशत पुरूष और 70 प्रतिशत महिलाएं हफ्ते में कम से कम एक बार मांस खाते हैं। 

मुसलमानों को बीफ खाने के लिए कटघरे में खड़ा किया जाता है परंतु यूरोप और अमरीका के निवासियों को नहीं, जबकि बीफ उनका मुख्य भोजन है। ऐसे देश जहां के लोग अहिंसा के सबसे बड़े पैरोकार गौतम बुद्ध में श्रद्धा रखते हैं, वहां भी मांसाहार आम है। भारत में भी कई ऐसे समुदाय हैं जिनके नियमित भोजन में बीफ शामिल था और है।  विभिन्न सर्वेक्षणों से पता चलता है कि अधिकांश राज्यों में मांस खाने वाले समुदायों की आबादी, शाकाहारियों से कहीं ज्यादा है, और यह बात गुजरात के बारे में भी सही है। 

आज राजनैतिक कारणों से इस सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है कि मांसाहार करने वाले नफरत के पात्र हैं। हम बिना अतिश्योक्ति के खतरे के कह सकते हैं कि अल्पसंख्यक समुदाय को खलनायक सिद्ध करने के लिए शाकाहार का सामाजिक और राजनैतिक हथियार के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। हरेक को यह अधिकार है कि वह मांसाहार को त्यागकर शाकाहारी बन जाए। परंतु मांसाहार के प्रति असहिष्णुता के भाव को उचित नहीं ठहराया जा सकता। यह कहना कि मुसलमान हिंसक होते हैं और उसका कारण यह है कि वे मांसाहारी हैं, एक शुद्ध राजनैतिक प्रचार अभियान है जिसका न तो वैज्ञानिक आधार है और ना ही मनोवैज्ञानिक। इतिहास गवाह है कि वैदिक काल में बीफ और अन्य मांसाहारी पदार्थों का सेवन आम था। 'अथो अन्नम् वै गौः' (गाय ही वास्तविक भोजन है) स्वामी विवेकानंद के अनुसार, "आपको आश्चर्य होगा यदि मैं आपको बताऊं कि प्राचीन रस्मों के अनुसार जो व्यक्ति बीफ नहीं खाता वह अच्छा हिन्दू नहीं है. कुछ मौकों पर एक अच्छे हिन्दू को बैल की बलि देकर उसे खाना चाहिए" (द कम्पीलट वर्क्स ऑफ स्वामी विवेकानंद, खण्ड 3, पृष्ठ 536, अद्वैत आश्रम, कलकत्ता, 1997)

डी. एन. झा अपनी पुस्तक 'मिथ ऑफ द होली काऊ' में बताते हैं कि कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था के उदय के साथ गौतम बुद्ध ने गाय की बलि पर प्रतिबंध लगाया। इस प्रतिबंध का मुख्य उद्धेश्य मवेशियों को बचाना था. बौद्ध धर्म के समर्पित अनुयायी सम्राट अशोक ने अपने एक शिलालेख में लिखा है कि केवल इतने जानवर और पक्षी मारे जाने चाहिए जो रसोईघर के लिए पर्याप्त हों।  इसका उद्धेश्य ब्राहम्णवादी रीति-रिवाजों के भाग के रूप में पशुबलि को रोकना था. इसके बाद ब्राम्हणवाद ने भी यह दिखाने के लिए कि उसे भी मवेशियों की चिंता है, गाय को माता घोषित कर दिया. समय के साथ गाय का माता का दर्जा ब्राम्हणवाद का हिस्सा बन गया और इस पर राजनीति शुरू हो गई। 

जहां तक यह प्रश्न है कि क्या किसी व्यक्ति का स्वभाव और प्रवृत्तियां उसके भोजन से प्रभावित होती हैं इसके बारे में कोई वैज्ञानिक अध्ययन या तथ्य उपलब्ध नहीं है। हिंसक प्रवृत्ति किसी के व्यक्तित्व का भाग होती है और यह उसकी पारिवारिक, सामाजिक और राजनैतिक परिस्थितियों का परिणाम होती है। एक ही व्यक्ति कई बार अपने जीवन के कुछ हिस्से में हिंसक और कुछ हिस्से में सहिष्णु और अहिंसक हो सकता है। 

कुछ पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां भोजन को सात्विक, तामसिक और राजसिक में विभाजित करती हैं. परंतु इस वर्गीकरण का भी कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. भले ही कुछ लोग यह मानते हों कि किसी मनुष्य का स्वभाव उसके भोजन पर निर्भर करता है परंतु किसी भी आधुनिक वैज्ञानिक अध्ययन से यह सिद्ध नहीं हो सका है। हिटलर, जिसने आधुनिक इतिहास में सबसे बड़ा कत्लेआम किया था, शुद्ध शाकाहारी था। 

कुछ लोग आज शाकाहार को अपना रहे हैं। कुछ इससे भी आगे बढ़कर वीगन बन रहे हैं। परंतु वे धार्मिक कारणों से ऐसा नहीं कर रहे हैं और ना ही वे उन लोगों से नाराज रहते हैं जो मांसाहारी भोजन करते हैं। परंतु समाज का एक तबका, जो साम्प्रदायिक सोच से प्रभावित है, मांसाहार को धार्मिकता से जोड़ रहा है और शाकाहार को राजनैतिक एजेंडा बनाने पर उतारू है। जब खानपान की आदतों को धर्म से जोड़ दिया जाता है तब वे कई तरह की दुष्प्रवृत्तियों को जन्म देती हैं। लोग अपने आसपास मांसाहारियों को रहने देना नहीं चाहते और कई हाऊसिंग सोसाटियों में मांसाहारियों को घर खरीदने या किराए पर लेने नहीं दिया जाता। 

अहमदाबाद में मैंने स्वयं देखा है कि मकान मालिक किरायेदारों के रसोईघर पर अचानक छापा मारते हैं ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि वहां मांसाहारी भोजन नहीं पकाया जा रहा। अब इन मुद्दों को मुसलमानों के दानवीकरण का उपकरण बना लिया गया है। गुजरात के कुछ हिस्सों में जिस आक्रामकता से शाकाहार का प्रचार किया जा रहा है वह सचमुच अजीब और डरावना है। हम निश्चित तौर पर यह कह सकते हैं कि इस तरह से शाकाहार का प्रचार करने वाले असहिष्णु हैं।  (अंग्रेजी से रूपांतरण अमरीश हरदेनिया) 

(लेखक आईआईटी मुंबई में पढ़ाते थे और सन्  2007 के नेशनल कम्यूनल हार्मोनी एवार्ड से सम्मानित हैं)

(यह लेख डाक्टर राम पुनियानी ने दिसंबर के आरम्भ में ही मूलतः अंग्रेजी में लिखा था इस लिए कुछ अंग्रेजी पत्रिकाओं में यह पहले छपा। इसका हिंदी अनुवाद हमारे üपास दिसंबर के आखिरी सप्ताह में ही पहुँच पाया। इसलिए हमें इसके प्रकाशन में भी देरी हुई। इसलिए क्षमा प्रार्थी हैं--रेक्टर कथूरिया-सम्पादक)

-------------------------------------------------------------------------

अगर भारत धर्मनिरपेक्ष नहीं है, तो भारत, भारत ही नहीं है।

                       – अटल बिहारी वाजपेयी

------------------------------

 कोई भी भारत की धर्मनिरपेक्षता को चुनौती न दें।

                   – अटल बिहारी वाजपेयी

---------------------------